enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश तबादला निरस्त कराने 5 हजार की रिश्वत लेते मेडिकल ऑफिसर लोकायुक्त के हत्थे चढ़े

तबादला निरस्त कराने 5 हजार की रिश्वत लेते मेडिकल ऑफिसर लोकायुक्त के हत्थे चढ़े

शहडोल(ईन्यूज एमपी)-लोकायुक्त पुलिस रीवा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उफरी में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेश चंद्र शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चिकित्सक पर शिकायतकर्ता की पत्नी का सलग्नीकरण आदेश निरस्त कराने और रवानगी रोकने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त के अनुसार उमरिया जिले के ग्राम पटनार खुर्द निवासी वीरेंद्र सिंह ने 18 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा से शिकायत की थी कि उनकी पत्नी पार्वती सिंह के सलग्नीकरण आदेश को निरस्त कराने तथा रवानगी नहीं होने देने के एवज में मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेश चंद्र शर्मा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि आरोपी पहले 5 हजार रुपये ले चुका था और शेष 5 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। शुक्रवार को जयसिंहनगर बस स्टैंड पर योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान आरोपी मेडिकल ऑफिसर को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया एवं निरीक्षक एस. राम मरावी के नेतृत्व में लोकायुक्त रीवा की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त रीवा के हेल्पलाइन नंबर **98936 07619** पर करें।

Share:

Leave a Comment