सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के खम्हरिया ग्राम पंचायत अंतर्गत परसदेही गांव में टावर निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य का विरोध कर रहे एक ग्रामीण की जमीन में गड़े पाइप को उखाड़ने के प्रयास के दौरान मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, परसदेही गांव में पावरग्रिड कंपनी द्वारा टावर निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान जमीन मालिक जगदीश शाह निर्माण स्थल पर पहुंचे और कार्य का विरोध करने लगे। विरोध के दौरान उन्होंने जमीन में दबाव के साथ गाड़े गए पाइप को उखाड़ने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पाइप को निकालने के दौरान अचानक अत्यधिक दबाव के कारण वह तेज गति से उछल गया। पाइप के साथ जगदीश शाह भी हवा में उछल गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस दर्दनाक हादसे ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा उपायों और विरोध-प्रदर्शन के समय बरती जाने वाली सावधानियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।