सिंगरौली/देवसर(ईन्यूज एमपी)-राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर देवसर क्षेत्र स्थित खाखन पुल पर सोमवार शाम एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच कोयला लोड एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के समीप पलट गया। हादसे के कुछ ही देर बाद ट्रक में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पलटने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे चालक की जान बच गई। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाखन पुल लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। यहां अक्सर भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होता है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण यह स्थान क्षेत्र का एक खतरनाक ब्लैक स्पॉट बन चुका है। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि खाखन पुल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। यहां चेतावनी संकेतक, स्पीड कंट्रोल उपाय, सड़क सुरक्षा बैरियर तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से भी अपील की है कि खाखन पुल से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोड या तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचें। उनका कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी इस स्थान पर बड़े हादसे का कारण बन सकती है।