enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्रवाई,75 हजार की रिश्वत लेते सहायक खंड लेखापाल गिरफ्तार

लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्रवाई,75 हजार की रिश्वत लेते सहायक खंड लेखापाल गिरफ्तार

शहडोल(ईन्यूज एमपी)- रीवा लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहडोल जिले के ब्योहारी तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर सरकारी मकान से जुड़े प्रकरण के निपटारे के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाणसागर निवासी रमेश प्रसाद रजक ने शिकायत दर्ज कराई थी। रमेश प्रसाद रजक नगर परिषद खांड की उपाध्यक्ष सुधा रजक के पति हैं। शिकायत में बताया गया था कि सरकारी मकान से संबंधित मामले को सुलझाने और कब्जा हटाने के नाम पर सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। मंगलवार को शिकायतकर्ता रमेश प्रसाद रजक आरोपी को रिश्वत की दूसरी किश्त के रूप में 75 हजार रुपये देने पहुंचे। जैसे ही आरोपी ने राशि स्वीकार की, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इस मामले में शिकायतकर्ता से पहले ही 35 हजार रुपये की रिश्वत ले चुका था। शेष राशि के लिए वह लगातार दबाव बना रहा था।

गिरफ्तारी के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि ब्योहारी क्षेत्र में हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर लगातार कार्रवाई हो रही है। करीब 15 दिन पहले भी लोकायुक्त टीम ने एसडीएम कार्यालय में पदस्थ एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। लगातार दूसरी कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति है।

Share:

Leave a Comment