enewsmp.com
Home क्राइम सीमांकन के बदले 80 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

सीमांकन के बदले 80 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

जबलपुर(ईन्यूज एमपी)- लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुरा तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी सीमांकन कार्य कराने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संगम कॉलोनी उखरी निवासी रोहित जैन ने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी कि उनके एक व्यापारी मित्र द्वारा ग्राम कुलोन, तहसील शाहपुरा में खरीदी गई जमीन के सीमांकन के लिए राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत में बताया गया कि सीमांकन कराने के बदले आरोपी ने एक लाख रुपये मांगे थे।

लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी 80 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की।

मंगलवार को रतन कॉलोनी, कटंगा क्षेत्र में निर्धारित स्थान पर जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी करण सिंह लोधी को 80 हजार रुपये दिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी करण सिंह लोधी (56) शाहपुरा तहसील कार्यालय में राजस्व निरीक्षक के पद पर पदस्थ है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशन तथा पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

Leave a Comment