सतना(ईन्यूज एमपी)-जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोहर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान **अनंत प्रताप सिंह (28 वर्ष)** पुत्र भानु प्रताप सिंह निवासी खोहर गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनंत प्रताप सिंह का अपने पारिवारिक चाचा **रामभान सिंह (60 वर्ष)** के साथ लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार रात दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें अनंत प्रताप सिंह और रामभान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने अनंत प्रताप सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामभान सिंह का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोटर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शनिवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रामभान सिंह, उनके पुत्र **अतुल सिंह (26 वर्ष)**, **इंद्रसेन सिंह (30 वर्ष)** तथा बहू **सीमा सिंह (30 वर्ष)** के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को महिला आरोपी सीमा सिंह सहित अतुल सिंह और इंद्रसेन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल रामभान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती हैं और पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पुरानी पारिवारिक रंजिश सामने आया है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा सतर्कता बरती जा रही है।