सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को खनिज विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाते हुए बिना वैध अभिवहन पास के रेत और बोल्डर का परिवहन करते पाए जाने पर चार वाहनों को जब्त किया गया। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर संचालित इस अभियान के संबंध में खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 ए 4891 अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पाई गई। चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते वाहन को जब्त कर थाना माड़ा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। इसी प्रकार ग्राम जैतपुर क्षेत्र में एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली बोल्डर का परिवहन करते हुए मिली। चालक के पास वैध अभिवहन पास नहीं पाया गया। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 ए 1557 भी बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन करते पकड़ी गई। दोनों वाहनों को पुलिस चौकी जयंत में खड़ा कराया गया है। एक अन्य कार्रवाई में एक बिना नंबर का डंपर भी अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। विभाग ने डंपर को जब्त कर थाना नवानगर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त सभी वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।