सीधी(ईन्यूज एमपी)- 30 मई। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टमसार में एक व्यक्ति अपनी किराना दुकान में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना कुसमी पुलिस ने टीम गठित कर दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से 10 खाकी रंग के कार्टूनों में रखी देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 79.94 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 61,297 रुपये आंकी गई है। मौके से पुलिस ने कैलाश जायसवाल (50 वर्ष), निवासी टमसार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रदीप सिंह, प्रधान आरक्षक कमलेश प्रजापति तथा आरक्षक शिवराम वैस एवं शुभम सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में टमसार क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं चल रही थीं। पुलिस की इस आधिकारिक कार्रवाई के बाद मामले की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।