सिंगरौली(ईन्यूज़ एमपी)- जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माइनिंग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार 30 मई 2026 को माइनिंग टीम ने अवैध उत्खनन में संलिप्त पाए जाने पर कांग्रेस उपाध्यक्ष मनोज शाह से जुड़ी एक गाड़ी को पकड़कर नवानगर थाने में जब्त करा दिया। जानकारी के अनुसार, माइनिंग विभाग की टीम क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन की जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि मिलने पर वाहन को रोका गया। जांच में वाहन अवैध उत्खनन कार्य में उपयोग होता पाया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में लेकर नवानगर थाने पहुंचाया गया। सूत्रों के मुताबिक, मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा वाहन से संबंधित दस्तावेजों और उत्खनन गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध उत्खनन को लेकर प्रशासन पहले से सख्त नजर आ रहा है। माइनिंग विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियम विरुद्ध खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।