रीवा(ईन्यूज एमपी)- लोकायुक्त संगठन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश पर तथा पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने शनिवार को की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज पांडे (52)पटवारी हल्का खजूहा कला, निवासी वार्ड क्रमांक 9 राजीव मार्ग निराला नगर, को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।शिकायतकर्ता कमलेश पटेल, निवासी ग्राम खजुआ कला तहसील गुड़, ने 13 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता की भूमि के सीमांकन मामले में पटवारी मनोज पांडे द्वारा 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें सामने आया कि आरोपी पहले ही 10 हजार रुपए ले चुका था और शेष 5 हजार रुपए की मांग कर रहा था। इसके बाद 16 मई 2026 को ट्रैप की कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी को राजीव मार्ग निराला नगर क्षेत्र में 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 (क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में निरीक्षक श्री संदीप सिंह भदौरिया सहित 12 सदस्यीय टीम शामिल रही। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना लोकायुक्त कार्यालय रीवा को मोबाइल नंबर 9893607619 या दूरभाष नंबर 07662-256569 पर दें।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और एक बार फिर लोकायुक्त की सख्ती का संदेश स्पष्ट हो गया है।