बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 15 दिन में दूसरी मौत, दहशत में ग्रामीण उमरिया(ईन्यूज एमपी)- विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आज शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेंदूपत्ता तोड़ने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, घटना पनपथा कोर क्षेत्र के कुदरी जंगल की है। मृतका की पहचान कुदरी निवासी 30 वर्षीय **ममता यादव** के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थी, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व के अधिकारी और वन अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई है। शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिक्षेत्र अधिकारी रमेश पतले ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार ग्रामीणों को जंगल में सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाता है। घटना के बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और गश्त तेज कर दी गई है। इस घटना के बाद यह साफ हो गया है कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। बीते 15 दिनों में यह दूसरी मौत है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो चुके हैं। बताया जाता है कि 3 मई को कुदरी क्षेत्र में ही एक ग्रामीण की बाघ के हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद 10 मई को तेंदूपत्ता तोड़ने गई एक युवती पर भालू ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। वहीं 11 और 12 मई को भी दो अलग-अलग घटनाओं में बाघ के हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं के चलते स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदूपत्ता और अन्य वन उपज संग्रह के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल में न जाएं और निर्धारित समय व सुरक्षित क्षेत्रों में ही प्रवेश करें।