रामपुर बघेलान के तिवनी गांव में सनसनी, घर के गेट पर रखा था विस्फोटक सतना(ईन्यूज एमपी)- सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवनी गांव में एक घर के बाहर बीयर की बोतल में जिंदा बम मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार तिवनी के देवी टोला निवासी गोलू कोरी के घर के मुख्य द्वार पर संदिग्ध बोतल रखी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बीडीटीएस (बम डिस्पोजल एंड थ्रेट स्क्वॉड) की टीम को बुलाया गया। टीम ने सुरक्षा घेरा बनाकर बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर लिया। बीडीटीएस टीम के अनुसार प्रारंभिक जांच में पाया गया कि कांच की बोतल में नॉन-इलेक्ट्रिक कमर्शियल बम को मैकेनिज्म, जिलेटिन, कोडेक्स और डिटोनेटर के साथ तैयार किया गया था। यदि इसमें लगे सेफ्टी फ्यूज को सक्रिय किया जाता, तो यह बड़ा नुकसान पहुंचा सकता था। विस्फोटक में प्रयुक्त सामग्री आमतौर पर खदानों में उपयोग होने वाली बताई जा रही है। पुलिस का अनुमान है कि बम को देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर के बाहर रखा गया होगा। बीडीटीएस टीम ने बम के सभी हिस्सों को जब्त कर लिया है और जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। बम रखने के पीछे की मंशा और जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए पुलिस हर पहलू से पड़ताल कर रही है। घटना के बाद गांव में एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी गई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।