घरेलू विवाद बना जानलेवा, गांव में सन्नाटा; पुलिस ने शुरू की तलाश रीवा/गुढ़(ईन्यूज एमपी)- रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदुआ गांव में घरेलू विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरदुआ निवासी धर्मेंद्र कोल उर्फ भिंडू कोल (28) और उसके छोटे भाई गोलू कोल (23) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर धर्मेंद्र ने गोलू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।