enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश रीवा लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई:15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ बाबू

रीवा लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई:15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ बाबू

रीवा/शहडोल(ईन्यूज एमपी)- रीवा लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहडोल जिले के ब्यौहारी स्थित एसडीएम कार्यालय के एक क्लर्क को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन द्वारा 6 मई 2026 को की गई।

लोकायुक्त के अनुसार शिकायतकर्ता सुरेश कुमार जायसवाल (45), निवासी ग्राम निपानिया, थाना पपौंध, तहसील ब्यौहारी, जिला शहडोल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन से जुड़े प्रकरण में आदेश की प्रति देने के लिए एसडीएम कार्यालय में पदस्थ क्लर्क वीर सिंह जाटव द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत का सत्यापन करने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर 6 मई को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) कार्यालय ब्यौहारी में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह पूरी कार्रवाई महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। ट्रैप दल का नेतृत्व निरीक्षक एस. राम मरावी ने किया, जिसमें उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार सहित 12 सदस्यीय टीम और स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे।

लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तत्काल इसकी शिकायत करें। इसके लिए रीवा स्थित लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय (शिल्पी प्लाजा, बी-ब्लॉक) में संपर्क किया जा सकता है।

Share:

Leave a Comment