enewsmp.com
Home क्राइम सोशल मीडिया पर ब्लैकमेल करने वाला युवक गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर ब्लैकमेल करने वाला युवक गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट डालकर ब्लैकमेल करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फरियादी की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उसकी छवि खराब करने की धमकी देकर अवैध रूप से पैसों की मांग कर रहा था।पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली में फरियादी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि एक व्यक्ति इंस्टाग्राम व थ्रेड्स प्लेटफॉर्म पर उसकी फोटो-वीडियो पोस्ट कर अशोभनीय टिप्पणियां कर रहा है। साथ ही सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रहा था।

शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए धारा 296(1), 351(3), 308(8) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों व आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रवि केवट (25) निवासी डैनिहा, थाना कोतवाली सीधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसमें आपत्तिजनक पोस्ट और चैट के साक्ष्य मिले हैं।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी, साइबर सेल टीम एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या ब्लैकमेलिंग गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share:

Leave a Comment