रीवा(ईन्यूज एमपी)- नईगढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए 70 फीट गहरे कुएं में गिरी गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल की देर रात ग्राम भोथी में एक गाय अचानक कुएं में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी स्वयं कुएं में उतरे और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बचाव कार्य संभाला। करीब रात 2 बजे तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद गाय को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त मेहनत से सफल हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की है।