सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- मोरवा थाना क्षेत्र में मुडवानी डैम के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण लू लगना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जानकारी के अनुसार मोरवा-जयंत मुख्य मार्ग पर मुडवानी डैम से कुछ दूरी पहले शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एनसीएल की पेट्रोलिंग में तैनात एक गार्ड ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा। इसके बाद उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास बताई जा रही है और उसकी मौत करीब 24 घंटे पहले होने की आशंका है। प्रथम दृष्टया मामला लू लगने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मोरवा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान कर सके तो तत्काल थाना मोरवा में संपर्क कर सूचना दें, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।