enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश तेज रफ्तार बोलेरो पुलिया से नीचे गिरी, 11 घायल

तेज रफ्तार बोलेरो पुलिया से नीचे गिरी, 11 घायल

ड्राइवर पर नशे में लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप, मौके से फरार

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के जियावन क्षेत्र अंतर्गत ढोगा हनुमान मंदिर के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिर गया, जिससे उसमें सवार 11 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुर्ता निवासी रमेश कुमार साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके छोटे भाई के तिलक कार्यक्रम के बाद रिश्तेदार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे बोलेरो क्रमांक MP66ZA3267 से जियावन तिराहा के लिए निकले थे। करीब 8:10 बजे सूचना मिली कि वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।

मौके पर पहुंचने पर बोलेरो पुलिया के नीचे तिरछी अवस्था में पलटी मिली और सभी सवार घायल अवस्था में थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों के मुताबिक वाहन चालक अनिल साहू निवासी सहुआर नशे में प्रतीत हो रहा था और तेज रफ्तार के साथ लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। यह भी आरोप है कि चालक ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग कर रहा था, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरा।

हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।

Share:

Leave a Comment