enewsmp.com
Home क्राइम पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, हालत गंभीर

पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, हालत गंभीर

ट्रामा सेंटर रेफर, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगिनी में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी त्रिलोकीनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि 31 मार्च की रात करीब 10 बजे वह अपने पुत्र आकाश के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पिंटू यादव और शंकरलाल विश्वकर्मा ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि पिंटू यादव ने लाठी से आकाश पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घायल आकाश को तत्काल देवसर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Share:

Leave a Comment