सतना(ईन्यूज एमपी)-जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रीवा लोकायुक्त पुलिस ने एक माध्यमिक शिक्षक सह प्रभारी लेखापाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार दोपहर रामपुर बाघेलान क्षेत्र के सज्जनपुर संकुल केंद्र में की गई। आरोपी की पहचान महेंद्र पांडेय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी महेंद्र पांडेय पर ग्राम बरहा प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक मनोज प्रताप सिंह से क्रमोन्नति से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के एवज में ₹1200 की रिश्वत मांगने का आरोप था। इस संबंध में शिक्षक ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे टीम ने सज्जनपुर स्थित विद्यालय में दबिश दी। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹1200 की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर रीवा ले जाया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार ने बताया कि आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया, एस. राम मरावी सहित अन्य टीम सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लोकायुक्त पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल लोकायुक्त कार्यालय को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।