अनूपपुर(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने डीजल लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार चालक सहित एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोतमा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 8:30 बजे राजेंद्र फिलिंग स्टेशन के पास निगवानी तिराहा के नजदीक हुआ। कार में सवार लोग इलाज के लिए शहडोल गए थे और वापस राजनगर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान प्यारे शर्मा (45) और गीता पनिका (44) निवासी राजनगर के रूप में हुई है। वहीं, मीना देवांगन (33) और हरिशंकर चतुर्वेदी (62) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते वह सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। हादसे में कार चालक के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि महिला के सिर में गहरी चोट लगने से अधिक खून बह गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।