enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश बैढ़न कलेक्ट्रेट में प्रस्फुटन समितियों का प्रशिक्षण, ग्राम विकास पर दिया गया जोर

बैढ़न कलेक्ट्रेट में प्रस्फुटन समितियों का प्रशिक्षण, ग्राम विकास पर दिया गया जोर

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत सुसंस्कार सोशल डवलपमेंट सोसायटी एवं जन अभियान परिषद सेक्टर खुटार द्वारा ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार बैढ़न में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामनिवास शाह विधायक सिंगरौली उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्चना नागेंद्र सिंह, डॉ. आर डी पाण्डेय शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जिसमें सुसंस्कार सोशल डवलपमेंट के कार्यकारी अध्यक्ष गजमोचन सिंह ने सभी का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामनिवास शाह ने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि आदर्श ग्राम निर्माण के लिए व्यक्ति का आचरण, व्यक्तित्व और कृतित्व आदर्श होना आवश्यक है।

डॉ. आर डी पाण्डेय ने प्रस्फुटन समितियों से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर कार्य करने और गांवों में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया। वहीं अर्चना सिंह ने परिषद की गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा ने परिषद की योजनाओं एवं प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को स्वैच्छिक संगठनों की कार्यप्रणाली, संरचना और ग्राम विकास से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर नवांकुर के प्रतिनिधि, मेंटर्स एवं विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शालिनी श्रीवास्तव एवं आभार प्रदर्शन सावित्री प्रजापति द्वारा किया गया।

Share:

Leave a Comment