रीवा(ईन्यूज एमपी)- शहर के कृष्णा नगर इलाके में पार्टी के दौरान देशी पिस्टल चेक करते समय अचानक गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का उपचार संजय गांधी स्मृति अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि लोही पुल के नीचे युवक को गोली लगने की जो शुरुआती सूचना मिली थी, वह गलत थी। जांच के दौरान पता चला कि घटना बिछिया थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर चिरहुला स्थित एक किराए के मकान में हुई थी। जानकारी के अनुसार 15 मार्च की रात करीब 10:15 बजे प्रतीक पटेल उर्फ बादशाह अपने साथी मजरूब के साथ कमरे में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान प्रतीक अपने पास रखी देशी पिस्टल को चेक कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई। गोली पास ही बैठे मजरूब के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मजरूब को तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक टीकर (बरिगवां) थाना गोविंदगढ़ का निवासी बताया गया है, जो फिलहाल कृष्णा नगर में रह रहा था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी प्रतीक पटेल उर्फ बादशाह निवासी कृष्णा नगर चिरहुला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।