नई दिल्ली। देश में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए हो रहे चुनाव के तहत 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि शेष 11 सीटों के लिए बिहार, ओडिशा और हरियाणा में मतदान कराया जा रहा है। मतदान के बाद शाम को मतगणना के साथ ही परिणाम भी घोषित किए जाने की संभावना है। जानकारी के अनुसार बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इन तीनों राज्यों में सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिससे राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। हरियाणा में दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके कारण यहां मुकाबला रोचक हो गया है। भाजपा की ओर से संजय भाटिया, कांग्रेस की ओर से कर्मवीर सिंह बौद्ध और निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल चुनाव मैदान में हैं। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में जीत के लिए कम से कम 31 वोट की आवश्यकता है। चुनाव से पहले क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए कई दलों ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए विशेष रणनीति अपनाई है। कुछ दलों ने विधायकों को दूसरे राज्यों के होटलों और रिसॉर्ट में भी ठहराया है ताकि मतदान तक उन्हें साथ रखा जा सके। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इन चुनावों के नतीजे राज्यसभा में दलों की ताकत और आगामी राजनीतिक समीकरणों पर असर डाल सकते हैं।