enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश प्रेम प्रसंग में युवक की निर्मम हत्या, युवती समेत चार आरोपी गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग में युवक की निर्मम हत्या, युवती समेत चार आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरा में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 27–28 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात संदीप यादव (20) पिता राजेन्द्र यादव निवासी आजादपुर (धिनहागांव) को आरोपियों ने घर बुलाकर पहले बिजली का करंट लगाया, फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद कुल्हाड़ी से उसका बायां पैर काट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को मृत समझकर आरोपी उसे गांव के बाहर परमानंद बैस के अरहर के खेत में फेंककर फरार हो गए।

अगली सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने खेत में युवक को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बैढ़न पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। जांच में पता चला कि आरोपियों ने अपने घर में खून के धब्बे मिटाने के लिए गोबर से पुताई भी कर दी थी, लेकिन वैज्ञानिक जांच में खून के निशान मिल गए।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक संदीप यादव और आरोपी पूजा पनिका के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध थे। इसी दौरान पूजा का विवाह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा में तय हो गया था। इस पर संदीप उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर पूजा ने यह बात अपनी मां मुन्नी देवी पनिका, भाई मेलासागर पनिका और चाचा भोलानाथ पनिका को बताई। इसके बाद चारों ने मिलकर संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

योजना के तहत पूजा ने 27 फरवरी को संदीप को घर बुलाया, जहां चारों आरोपियों ने मिलकर पहले उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसे करंट लगाकर और लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद भोलानाथ पनिका ने कुल्हाड़ी से उसका पैर काट दिया। अधिक खून बहने से वह बेहोश हो गया।

आरोपियों ने उसे मृत समझकर खेत में फेंक दिया और उसके कपड़े जला दिए, ताकि घटना को जंगली जानवरों के लिए लगाए गए करंट से हुई दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

पुलिस ने इस मामले में भोलानाथ पनिका (39), मेलासागर पनिका (19), पूजा पनिका (20) और मुन्नी देवी पनिका (40) निवासी ग्राम पोखरा थाना बरगवां को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी, कुल्हाड़ी, बिजली का तार और मोबाइल जब्त किया गया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है।

मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक मो. समीर, निरीक्षक आराधना सिंह परिहार, उपनिरीक्षक अमन वर्मा, संदीप नामदेव, पवन सिंह (सायबर सेल) और अर्चना धुर्वे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को 10 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Share:

Leave a Comment