सिंगरौली/देवसर(ईन्यूज एमपी)- जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत जोगिनी में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव गांव से कुछ दूरी पर नदी किनारे गूलर के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान राम विशाल साकेत (30) पिता शंकर लाल साकेत निवासी जोगिनी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राम विशाल साकेत विवाहित था और उसका करीब दो वर्ष का एक छोटा बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि अज्ञात कारणों के चलते युवक ने गांव से कुछ दूरी पर नदी किनारे स्थित गूलर के पेड़ में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, मृतक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।