सीधी (ईन्यूज एमपी ) इनदिनों अब मऊगंज के हनुमना नगर में पहली बार जंगली हाथियों का मूवमेंट दर्ज होने से दहशत का माहौल है। सीधी से विचरण करते हुए हाथियों का दल सगरा खुर्द (वार्ड क्रमांक 8) तक पहुंच गया है। वन विभाग ने इलाके में अलर्ट जारी कर गश्त तेज कर दी है। ....पिछले करीब 15 दिनों से सीधी जिले में घूम रहा हाथियों का समूह अब मऊगंज जिले की सीमा में प्रवेश कर चुका है। बहेरा डाबर, बलभद्रगढ़ और उकसा गांव होते हुए शुक्रवार को एक नर एवं मादा हाथी हनुमना नगर के सगरा खुर्द पहुंच गई। क्षेत्र में पहले कभी हाथियों की मौजूदगी नहीं रही, ऐसे में ग्रामीणों में भय और कौतूहल दोनों का माहौल है। हनुमना वन परिक्षेत्र के रेंजर नयन तिवारी ने बताया कि वन विभाग की टीमें लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए हैं। ड्रोन, पेट्रोलिंग और मैदानी अमले की मदद से मूवमेंट ट्रैक की जा रही है। एहतियातन कुछ इलाकों की बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई है और ग्रामीणों को घरों में रहने की हिदायत दी गई है। वन परिक्षेत्र अधिकारी मऊगंज वर्षा सिंह ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति हाथियों के पास न जाए, सेल्फी लेने या उन्हें उकसाने की कोशिश न करे। यदि हाथी आबादी के करीब दिखें तो तुरंत बीट गार्ड या वन विभाग को सूचना दें। विभाग द्वारा हाथियों को सुरक्षित तरीके से रिहायशी क्षेत्र से दूर ले जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हाथियों की आवाजाही से गांवों में अफरा-तफरी का माहौल है। हालात की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड में है और स्थिति पर पल-पल नजर रखी जा रही है।