शहडोल(ईन्यूज एमपी)- जिले के ब्यौहारी उप जेल में पदस्थ एक युवा जेल प्रहरी की गुरुवार तड़के सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वे सुबह की शिफ्ट में ड्यूटी के लिए घर से बाइक से निकले थे। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अभिषेक सिंह (29) निवासी ब्यौहारी के रूप में हुई है, जो उप जेल ब्यौहारी में जेल प्रहरी के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार सुबह वे अपनी नियमित ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायालय के सामने उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि अभिषेक सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे सड़क किनारे गिर पड़े। घटना के समय वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उसे पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही उप जेल ब्यौहारी के अधिकारी एवं कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे। साथी कर्मचारी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। युवक की असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।