सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के सरई थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला अपने बेटे की जमानत न होने से आहत होकर हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गई। घटना चुनदैया नदी के पास की बताई जा रही है। महिला की पहचान इटमा निवासी करीब 50 वर्षीय बबली साकेत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उसका बेटा हत्या के एक मामले में करीब तीन माह पहले गिरफ्तार हुआ था और वर्तमान में जिला जेल में बंद है। जमानत न मिलने से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठा लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए। अधिकारियों और परिजनों द्वारा महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। देवसर एसडीओपी गायत्री मिश्रा ने बताया कि महिला को समझाया जा रहा है कि जमानत से जुड़ा निर्णय न्यायालय के माध्यम से ही संभव है। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ महिला को सुरक्षित नीचे लाने में जुटा हुआ है।