रीवा(ईन्यूज एमपी)- रीवा-सीधी-गुढ़ मार्ग पर रविवार को भीटी के पास ऑटो और जीप के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। भीटी के पास मोड़ पर अचानक आमना-सामना होने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जाम और हंगामा घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और कुछ देर तक हंगामा किया। लोगों का आरोप था कि मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। गुस्साए लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन में तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।