enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश तेज रफ्तार अज्ञात वाहन का कहर: पिता-पुत्र समेत साढ़ू की मौत, एक गंभीर

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन का कहर: पिता-पुत्र समेत साढ़ू की मौत, एक गंभीर

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के देवसर क्षेत्र में रविवार देर शाम भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदवार चौकी के ग्राम हूमनाडॉड में हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने वाहन को हाइवा बताया है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार वाहन ने पहले एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ही बाइक पर सवार पिता, पुत्र और उनके साढ़ू की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान जगन्नाथ सिंह (55) पिता जय मंगल सिंह, लालदेव सिंह (25) पिता जगन्नाथ सिंह, निवासी सरौधा तथा तेज बाली सिंह (50) पिता सुखलाल सिंह, निवासी डऊआडोल के रूप में हुई है। तीनों आपस में पिता-पुत्र और साढ़ू बताए जा रहे हैं।

वहीं दूसरी बाइक पर सवार अरविंद केवट (40) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कुंदवार चौकी प्रभारी, जियावन थाना प्रभारी तथा एसडीओपी देवसर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की गई है।

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Share:

Leave a Comment