enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश वेयरहाउस गोदाम में भीषण आग, धान-बीज व बारदाना जलकर खाक

वेयरहाउस गोदाम में भीषण आग, धान-बीज व बारदाना जलकर खाक

पांच घंटे से अधिक मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं

शहडोल(ईन्यूज एमपी)- शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के नरसरहा स्थित मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन (एमपीडब्ल्यूएलसी) के गोदाम में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचने के बावजूद पांच घंटे से अधिक समय तक उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।

आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा बारदाना, धान एवं बीज जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने अभी नुकसान के अंतिम आंकलन की पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही शहडोल फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए जिले की 8 से अधिक दमकल गाड़ियों को लगाया गया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण बुझाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालात को नियंत्रित करने के लिए रिलायंस कंपनी की फायर टीम की भी मदद ली गई, जो आग बुझाने में जुटी रही।

घटना की जानकारी मिलते ही शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, एसडीएम सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बताया गया है कि यह गोदाम मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन की शहडोल शाखा के अंतर्गत आता है, जिसकी कुल भंडारण क्षमता लगभग 2800 मैट्रिक टन है। नरसरहा परिसर स्थित एमपीडब्ल्यूएलसी के गोदाम क्रमांक 1, 2 और 3 में आग लगी है।

आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और इसे अज्ञात कारणों से लगी आग बताया जा रहा है। लगातार धुएं और आग के कारण आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन द्वारा आग पर नियंत्रण के प्रयास लगातार जारी हैं।

Share:

Leave a Comment