enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश दूरांचल के आवेदकों को राहत, अब विकासखंड स्तर पर भी होगी जनसुनवाई, कलेक्टर ने जारी किए

दूरांचल के आवेदकों को राहत, अब विकासखंड स्तर पर भी होगी जनसुनवाई, कलेक्टर ने जारी किए

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)-जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को अब जिला मुख्यालय तक आने की परेशानी से राहत मिलेगी। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देश पर प्रत्येक मंगलवार को विकासखंड और अनुविभाग स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। वहीं, जिला मुख्यालय सिंगरौली में हर मंगलवार होने वाली जनसुनवाई पूर्व की तरह यथावत जारी रहेगी।

राज्य शासन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत सुशासन को मजबूत करने और आम नागरिकों को प्रशासन से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। निर्देशों के अनुसार, विभागाध्यक्ष से लेकर विकासखंड स्तर तक के सभी कार्यालय प्रमुख प्रत्येक मंगलवार को कार्यालय में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे।

कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने बताया कि जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान यह देखने में आया कि दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आवेदक अपने आवेदन लेकर जिला मुख्यालय पहुंचते हैं, जबकि कई मामलों का त्वरित निराकरण विकासखंड स्तर पर ही संभव होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विकासखंड स्तर पर जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार, उपखंड चितरंगी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय चितरंगी के सभागार में प्रत्येक मंगलवार जनसुनवाई होगी। वहीं, देवसर अनुभाग में मंगल भवन जनपद कार्यालय देवसर तथा माड़ा में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय सभागार माड़ा में प्रत्येक मंगलवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।

जनसुनवाई की अध्यक्षता संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा की जाएगी। इसमें विकासखंड स्तर के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। माड़ा में आयोजित जनसुनवाई में राजस्व विभाग के साथ-साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के एडीओ, पीसीओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आवेदकों को त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। जिन मामलों में समय लगना स्वाभाविक होगा, उनमें निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई आयोजित होने के कारण विकासखंड सिंगरौली में अलग से जनसुनवाई का आयोजन नहीं किया जाएगा। यह पहल जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share:

Leave a Comment