भोपाल(ईन्यूज एमपी)-अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राणप्रतिष्ठा के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार शाम रीवा की देवभूमि पचमठा में श्रीराम दरबार परिवार द्वारा आयोजित माँ बीहर आरती कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल शामिल हुए। इस अवसर पर अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि बीहर आरती जैसे आयोजनों से सनातन संस्कृति को मजबूती मिल रही है और समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण है, जिसके साक्षी बनने का अवसर हम सभी को मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं और सनातन मूल्यों को दृढ़ता प्रदान करते हैं। श्रीराम दरबार परिवार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि माँ बीहर आरती की शुरुआत कर उसे प्रतिदिन दिव्य और भव्य स्वरूप में आयोजित करना प्रशंसनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शंकराचार्य जी के देश को एक सूत्र में बांधने के उद्देश्य को भी साकार कर रहा है। श्री शुक्ल ने आरती स्थल के विस्तार, हाई मास्क लाइट लगाए जाने सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, श्रीराम दरबार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।