enewsmp.com
Home सियासत नितिन नवीन होंगे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष, 45 वर्ष की उम्र में सबसे युवा अध्यक्ष का रिकॉर्ड

नितिन नवीन होंगे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष, 45 वर्ष की उम्र में सबसे युवा अध्यक्ष का रिकॉर्ड

नई दिल्ली(ईन्यूज एमपी)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन अब पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। सोमवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में उनके नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। 45 वर्षीय नितिन नवीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमित शाह के नाम था, जो 49 वर्ष की उम्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।

नामांकन प्रक्रिया के बाद भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए केवल नितिन नवीन का ही नाम प्रस्तावित किया गया। उनके समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनकी जांच में सभी वैध पाए गए। नितिन नवीन के नाम का औपचारिक ऐलान मंगलवार को किया जाएगा।

देशभर के शीर्ष नेताओं ने किया समर्थन

नामांकन के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नवीन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किए।

नितिन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव बोलीं – मेहनत का मिला फल

नितिन नवीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को यह पहचान है कि कौन व्यक्ति काम करने में सक्षम है। “हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने नितिन को चुनकर सही फैसला लिया। उन्होंने पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत की और उसी मेहनत का फल आज उन्हें मिला है।”

36 राज्यों से आए नामांकन सेट

डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव पूरे होने के बाद शुरू की गई, जो आवश्यक 50 प्रतिशत से अधिक है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए दाखिल 37 सेट नामांकन पत्रों में से **36 सेट अलग-अलग राज्यों से** आए, जिनमें हर सेट पर 20 नेताओं के हस्ताक्षर थे। एक अलग नामांकन सेट भाजपा के संसदीय बोर्ड की ओर से प्रस्तुत किया गया, जिस पर प्रधानमंत्री सहित 37 सांसदों के हस्ताक्षर थे।

भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा में अब तक 11 नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। इनमें लालकृष्ण आडवाणी तीन बार अध्यक्ष बने, जबकि राजनाथ सिंह ने दो बार यह जिम्मेदारी निभाई। अब नितिन नवीन 45 वर्ष की उम्र में भाजपा के **सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष** बन गए हैं।

20 जनवरी से संभालेंगे पूरी जिम्मेदारी

करीब 18 करोड़ सदस्यों, देश के हर जिले में पार्टी कार्यालय और 20 राज्यों में सरकारों के साथ भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। बिहार की बांकीपुर सीट से विधायक नितिन नवीन 20 जनवरी से पार्टी की जिम्मेदारी पूरी तरह संभालेंगे। इससे पहले उन्हें 14 दिसंबर 2025 को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

पार्टी पद पर वेतन नहीं, संगठन सबसे समृद्ध

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन को कोई वेतन नहीं मिलेगा, लेकिन जिस पार्टी की कमान वे संभाल रहे हैं, वह संसाधन, संगठनात्मक ढांचे और सदस्यता के मामले में कांग्रेस समेत अन्य दलों से काफी आगे है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने दिसंबर 2025 में राज्यसभा में बताया था कि भाजपा के खातों में 10,107 करोड़ रुपये हैं, जो कांग्रेस से लगभग 75 गुना अधिक हैं।

ऑफिस और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा विस्तार

भाजपा के देशभर में 772 जिलों में अपने कार्यालय हैं। वर्ष 2014 से पहले पार्टी के पास करीब 200 स्थायी जिला कार्यालय थे। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद तत्कालीन संगठन नेतृत्व में हर जिले में पार्टी कार्यालय बनाने की योजना लागू की गई, जिससे भाजपा का संगठनात्मक ढांचा मजबूत हुआ।

Share:

Leave a Comment