शहडोल(ईन्यूज एमपी)- जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में एनएच-43 पर एक ट्रक हादसे के बाद अचानक आग लगने से हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। धुरवार टोल प्लाजा के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात कोयला लदा ट्रक आगे चल रहे वाहन से टकरा गया, जिससे इंजन में आग लग गई। ड्राइवर ने तुरंत बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार बुढ़ार से कटनी जा रहा कोयले से भरा ट्रक मुख्य मार्ग पर आगे चल रहे ट्रैक चेसिस वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद इंजन में आग भड़क उठी और लपटें उठने लगीं। ट्रक चालक ने तुरन्त ट्रक से उतरकर खुद को सुरक्षित किया। ट्रक में लदा कोयला आग तक नहीं पहुंच पाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। आग की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी। सोहागपुर पुलिस और दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो ट्रक में रखा कोयला भी जल सकता था, जिससे और बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने के कारणों से शहडोल–बुढार हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। घटना के कारणों और टक्कर के माहौल की जांच पुलिस कर रही है।