अनूपपुर(ईन्यूज एमपी)- जिले के जैतहरी क्षेत्र में हाथी के हमले से घायल हुए 80 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है। जानकारी के अनुसार जैतहरी नगर के वार्ड क्रमांक-3 पथरहा टोला निवासी 80 वर्षीय हंशलाल राठौर पर शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि तीन हाथी क्षेत्र में घूम रहे थे, इसी दौरान एक हाथी ने बुजुर्ग को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और पैर से कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल बुजुर्ग को तत्काल जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का यह झुंड पिछले करीब 20 से 25 दिनों से जैतहरी और आसपास के इलाकों में सक्रिय है। रात के समय हाथी गांव की ओर आ जाते हैं, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। पहले भी इस क्षेत्र में हाथियों के कारण जान-माल के नुकसान की घटनाएं हो चुकी हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वहीं, हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत से पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है।