सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)-जिले के मोरवा थाना प्रभारी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली द्वारा जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक कपूर त्रिपाठी को मोरवा थाने का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे पूर्व में नवानगर थाने में थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ थे। वहीं, जिले में अपने सौम्य व्यवहार और मिलनसार छवि के लिए पहचाने जाने वाले निरीक्षक अनिल पटेल को नवानगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनिल पटेल वर्तमान में अजाक थाने के प्रभारी थे, जबकि इससे पहले वे जिले के गढ़वा थाने में भी प्रभारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। गौरतलब है कि मोरवा थाने के पूर्व थाना प्रभारी यूपी सिंह के भोपाल स्थानांतरण के बाद से ही मोरवा थाने में नए प्रभारी को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं। कई दिनों से यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ था। प्रशासनिक दृष्टिकोण से यह पदस्थापना तत्काल प्रभाव से की गई है, जो आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह बदलाव प्रशासनिक सुचारूता एवं कार्यहित को ध्यान में रखते हुए किया गया है। नए थाना प्रभारियों से अपेक्षा की जा रही है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ आमजन से बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे। मोरवा और नवानगर दोनों ही थाना क्षेत्र जिले के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में गिने जाते हैं। ऐसे में इन पदस्थापनाओं को कानून व्यवस्था की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नए थाना प्रभारी अपने कार्यकाल में किस तरह की कार्यप्रणाली अपनाते हैं और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को किस प्रकार सुदृढ़ करते हैं।