सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरई तहसील के खनुआ वृत्त में पदस्थ बाबू लखपति सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू ने जमीन नामांतरण के एवज में आवेदक रामनारायण शाह से रिश्वत की मांग की थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबू द्वारा नामांतरण कार्य के लिए कुल 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत रीवा लोकायुक्त कार्यालय में की। शिकायत की गोपनीय जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। निर्धारित योजना के तहत जैसे ही बाबू ने 3 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान तहसील कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद जिले के राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। आमजन में लोकायुक्त की इस सख्त कार्रवाई की सराहना हो रही है, वहीं सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी करने वालों में डर का माहौल देखा जा रहा है।