enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश नहर में मिला युवक का शव, घर लौटते समय गिरने की आशंका

नहर में मिला युवक का शव, घर लौटते समय गिरने की आशंका

शहडोल(ईन्यूज एमपी)-शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र अंतर्गत खोखरा टोला नहर से एक युवक का शव बरामद किया गया है। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। देर रात तक युवक के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद घर से कुछ ही दूरी पर बह रही नहर में उसका शव मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को अवगत कराया।

जानकारी मिलते ही देवलौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान झिझिं टोला निवासी संतोष कोल (40 वर्ष), पिता चरका कोल के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि संतोष शनिवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। आशंका होने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, इसी दौरान नहर में शव दिखाई दिया। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शनिवार रात ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था। पुलिस के अनुसार रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में घर लौटते समय वह नहर के किनारे से गुजरते हुए फिसलकर नहर में गिर गया होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Share:

Leave a Comment