enewsmp.com
Home देश-दुनिया 9 से 11 जनवरी तक होगा माहेश्वरी महाकुंभ, सीएम मोहन, सहित तीन केन्द्रीय मंत्री होंगे शामिल

9 से 11 जनवरी तक होगा माहेश्वरी महाकुंभ, सीएम मोहन, सहित तीन केन्द्रीय मंत्री होंगे शामिल

जोधपुर(ईन्यूज एमपी)- राजस्थान के जोधपुर शहर में 9 जनवरी से 11 जनवरी तक तीन दिवसीय माहेश्वरी महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में देशभर से माहेश्वरी समाज के हजारों प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जोधपुर शहर को महाकुंभ के लिए विशेष रूप से सजाया गया है।

माहेश्वरी महाकुंभ में राष्ट्रीय स्तर के कई प्रमुख नेता और संवैधानिक पदों पर आसीन अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, अश्विनी वैष्णव और गजेंद्र सिंह शेखावत की सहभागिता प्रस्तावित है। इसके साथ ही तीन राज्यों के राज्यपाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी महाकुंभ में शामिल होंगे।

आयोजन समिति के अनुसार महाकुंभ का उद्देश्य समाज को एक सूत्र में बांधना, सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना और समाज से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करना है। आयोजन के दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शिक्षा, संस्कार, युवा सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

महाकुंभ में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से समाजजन जोधपुर पहुंच रहे हैं। मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में प्रतिनिधि इस आयोजन में शामिल होंगे। आयोजन स्थल पर रहने, भोजन और आवागमन की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। समिति के अनुसार लगभग ढाई लाख से अधिक लोगों के लिए भोजन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

रेलवे स्टेशन और प्रमुख प्रवेश स्थलों पर स्वागत एवं सहायता केंद्र बनाए गए हैं। स्वयंसेवकों की टीम आगंतुकों को मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेगी। आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग भी पूरी तरह सतर्क है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

माहेश्वरी महाकुंभ को समाज का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है, जिसमें परंपरा, संस्कृति और सामाजिक चेतना का संगम देखने को मिलेगा।

Share:

Leave a Comment