मैहर(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मैहर के पास उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्स क्रूजर अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े कंटेनर से जा टकराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी जिले के पड़रिया गांव निवासी एक परिवार के सदस्य प्रयागराज की ओर जा रहे थे। वाहन में करीब 18 से 20 लोग सवार थे। देर रात वाहन तेज रफ्तार में था, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्स क्रूजर सामने खड़े कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौके पर ही अथवा उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों में पुरुष और महिला दोनों शामिल हैं। वहीं हादसे में घायल हुए 12 यात्रियों को तत्काल जिला अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को सतना और कटनी के बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। शवों को वाहन से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।