enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश प्राकृतिक खेती से मिट्टी और मानव स्वास्थ्य का संरक्षण: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

प्राकृतिक खेती से मिट्टी और मानव स्वास्थ्य का संरक्षण: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्राकृतिक खेती केवल एक कृषि पद्धति नहीं, बल्कि भारतीय जीवन शैली का अभिन्न हिस्सा है। यह खेती किसानों की लागत कम करने, आय बढ़ाने और बाहरी संसाधनों पर निर्भरता घटाने में सहायक है। साथ ही इससे भूमि की उर्वरता बनी रहती है और परिवार के स्वास्थ्य का भी संरक्षण होता है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किसानों से अपील की कि वे अपनी खेती योग्य भूमि का कम से कम 10 प्रतिशत हिस्सा प्राकृतिक खेती के लिए समर्पित करें। उन्होंने बताया कि वे स्वयं रीवा जिले के हरिहरपुर में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और किसानों को इससे प्रेरित करने का कार्य कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने खेतों का निरीक्षण किया, जहां प्राकृतिक विधि से पालक, मेथी, धनिया, बथुआ, चौराई, शलजम और गाजर जैसी सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। इसके साथ ही बीजामृत से गेहूं की बुवाई की गई है, जिसमें गोबर खाद का उपयोग किया गया है। उन्होंने बताया कि गेहूं की फसल में यूरिया के विकल्प के रूप में कल्चर का प्रयोग किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ा गया है। रीवा जिले को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बसामन मामा गौ-वन्य विहार में प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया जा चुका है। हरिहरपुर फार्म में क्षेत्र के किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा उन्हें भ्रमण के माध्यम से प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसी क्रम में हिनौती गौधाम में भी प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गौशालाओं को केवल गौ-संरक्षण केंद्र नहीं, बल्कि कृषि आदानों के उत्पादन के आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। गोबर और गौमूत्र से तैयार जीवामृत, बीजामृत और पंचगव्य जैसे प्राकृतिक इनपुट मिट्टी के सूक्ष्म जीवों को सक्रिय रखते हैं और भूमि की उर्वरता को लंबे समय तक बढ़ाते हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने फार्म परिसर में पीपल के पौधों का रोपण भी किया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने बसामन मामा गौ-वन्य विहार में पीपल के पौधों के रोपण और संरक्षण का आह्वान किया था। उप मुख्यमंत्री ने अपने पिता की समाधि पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व संयुक्त संचालक डॉ. राजेश मिश्रा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजेश सिंह, श्री श्री रविशंकर संस्थान के प्रशिक्षक तथा स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment