enewsmp.com
Home क्राइम सड़क से कोहरा हटा तो दिखी लाश, लोगों में दहशत, पुलिस कर रही जांच

सड़क से कोहरा हटा तो दिखी लाश, लोगों में दहशत, पुलिस कर रही जांच

मऊगंज (ईन्यूज एमपी)-मऊगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डगडौआ गांव के समीप मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक के चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान पाए गए हैं, जिससे यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे घना कोहरा छंटने के बाद राहगीरों ने सड़क किनारे एक शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल मऊगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि युवक की हत्या कहीं और की गई होगी तथा शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से सड़क किनारे फेंका गया।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है। मऊगंज थाना प्रभारी संदीप भारतीय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Share:

Leave a Comment