enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश मऊगंज में कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा, पिकअप ने ट्रक को पीछे से मारी टक्कर

मऊगंज में कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा, पिकअप ने ट्रक को पीछे से मारी टक्कर

मऊगंज(ईन्यूज एमपी)- राष्ट्रीय राजमार्ग 135 पर मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत दुबगवा मोड़ के पास घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता के कारण तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में पिकअप चालक और खलासी बाल-बाल बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही हनुमना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया, जिससे हाईवे पर आवाजाही सामान्य हो सकी।

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। फिलहाल हनुमना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतें, सीमित गति से वाहन चलाएं और आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Share:

Leave a Comment