रीवा(ईन्यूज एमपी)- जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मैंनहा नहर में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद एक परिवार बाइक सहित नहर में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में पिता और बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि 6 वर्षीय छोटी बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई। हादसे के बाद से लापता चल रहे गणेश प्रसाद चतुर्वेदी का शव शुक्रवार सुबह SDRF टीम ने घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर बरामद किया। तेज पानी के बहाव के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार संतुलन खो बैठे और परिवार सहित नहर में समा गए। हादसे के तुरंत बाद बड़ी बेटी शिवानी को गंभीर हालत में रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, पिता के साथ मौजूद 6 साल की छोटी बच्ची** सुरक्षित निकाल ली गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग नहर के पास सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर सवाल उठा रहे हैं।