सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिनौती क्षेत्र में लूट की एक गंभीर वारदात सामने आई है। घटना पिपरहा बाजार के पास की बताई जा रही है, जहां आभूषण दुकान संचालित करने वाले हिनौती निवासी वीरेंद्र सोनी के पुत्र विवेक सोनी (18) से बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित विवेक सोनी के अनुसार वह मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे दुकान से सोने-चांदी के आभूषण लेकर कार से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के शासकीय स्कूल से करीब 200 मीटर आगे पहुंचा, तभी सफेद रंग की एक कार ने रास्ता रोक लिया। कार से चार नकाबपोश बदमाश उतरे और उसकी कार पर पत्थर मारकर आगे व साइड का कांच तोड़ दिया। इसके बाद बदमाशों ने बाहर से मिर्च पाउडर फेंका और विवेक को जबरन कार से बाहर निकालकर मारपीट की। आरोप है कि बदमाशों ने विवेक से आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद किसी तरह विवेक घर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी। परिजनों के साथ वह कमर्जी थाना पहुंचा, जहां घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फरियादी के अनुसार लूटे गए बैग में सोने-चांदी के आभूषण थे, जिनकी कीमत करीब 8 से 9 लाख रुपए बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी कमर्जी थाना पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कमर्जी सुजीत कड़वे ने बताया कि आभूषण व्यापारी के पुत्र की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।