enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश रीवा–इंदौर हवाई सेवा का शुभारंभ, विन्ध्य को विकास की नई उड़ान

रीवा–इंदौर हवाई सेवा का शुभारंभ, विन्ध्य को विकास की नई उड़ान

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया उद्घाटन

भोपाल/रीवा(ईन्यूज)-रीवा एयरपोर्ट से इंदौर के लिए हवाई सेवा शुरू होने के साथ ही विन्ध्य क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल एवं नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंडिगो की 72 सीटर विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों में उत्साह का माहौल रहा।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि इंदौर तक हवाई सेवा शुरू होना विन्ध्यवासियों का वर्षों पुराना सपना था, जो आज साकार हुआ है। इस सेवा से विन्ध्य क्षेत्र न केवल प्रदेश के बड़े शहरों बल्कि देश और विदेश के कई शहरों से भी आसानी से जुड़ सकेगा। इससे पर्यटन, शिक्षा और उद्योगों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थलों, उद्योगों और ऊर्जा परियोजनाओं से समृद्ध है और हवाई कनेक्टिविटी से विकास की रफ्तार और तेज होगी। एयरपोर्ट निर्माण में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान तथा क्षेत्रीय सांसदों के योगदान को भी उन्होंने सराहा।

नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह केवल एक नई फ्लाइट नहीं, बल्कि विन्ध्य के लिए विकास की सौगात है। रीवा अब सेंट्रल इंडिया के सबसे बड़े व्यावसायिक केन्द्र और मध्यप्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर से सीधे जुड़ गया है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को विन्ध्य का “विकास पुरुष” बताते हुए कहा कि उनके जिद और जुनून से क्षेत्र ने नए आयाम छुए हैं। इस हवाई सेवा से उज्जैन के महाकाल और मैहर की मां शारदा के धार्मिक स्थलों के बीच भी बेहतर संपर्क स्थापित हुआ है। मंत्री श्री विजयवर्गीय ने इंडिगो प्रबंधन से किराया सीमित रखने और हवाई सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि आज से विन्ध्य के विकास को पंख लग गए हैं। सांसद सतना श्री गणेश सिंह ने इसे पूरे क्षेत्र को बड़े शहरों से जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि अब दो दिन की यात्रा दो घंटे में पूरी हो सकेगी, जिससे रीवा वैश्विक मानचित्र पर और मजबूती से उभरेगा।

समारोह में इंदौर से पहली फ्लाइट से पहुंचे यात्रियों का रीवा में भव्य स्वागत किया गया। लोक गायिका राखी द्विवेदी ने मनोहारी लोकगीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

Share:

Leave a Comment