सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टिकरी में एक घटित हादसे के दौरान एक नाबालिग आदिवासी किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटित इस हादसे को लेकर ग्रामीणों ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूत्रों के अनुसार गोपद नदी से हो रही अबैध रेत की निकासी के लिये मृतक किशोर भी ट्रैक्टर से रेत निकालने के लिए गया था। इसी दौरान वह ट्रैक्टर से गिर पड़ा और वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उमेश सिंह गोंड के रूप में की गई है, जो नाबालिग बताया जा रहा है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत के गोरखधंधे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम टिकरी के पास गोपद नदी से पूरी रात अवैध रूप से रेत की चोरी की जाती है। इसमें गांव और आसपास के कुछ रसूखदार लोगों की संलिप्तता बताई जा रही है। ग्रामीणों ने नामजद आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई न होने के कारण अवैध कारोबार बेखौफ होकर चल रहा है। नाबालिग की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी, अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोंक और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। इधर, सूचना मिलने पर मड़वास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अवैध रेत परिवहन में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर जिले में अवैध रेत उत्खनन और उससे जुड़े खतरों को उजागर कर दिया है, जिसमें जान का जोखिम उठाने को मजबूर स्थानीय लोग और नाबालिग भी शिकार हो रहे हैं।