enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश रीवा–इंदौर विमान सेवा का शुभारंभ 22 दिसंबर को

रीवा–इंदौर विमान सेवा का शुभारंभ 22 दिसंबर को

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-विन्ध्य क्षेत्र के लिए हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में रीवा–इंदौर विमान सेवा का शुभारंभ 22 दिसंबर को किया जाएगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल तथा नगरीय विकास, आवास एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित रहेंगे।

रीवा एयरपोर्ट से शुरू होने वाली यह नियमित हवाई सेवा विन्ध्य क्षेत्र को प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से सीधे जोड़ेगी। इससे क्षेत्र में विकास, व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही इंदौर में निवासरत विन्ध्य क्षेत्र के हजारों नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बताया कि इंदौर विमानतल से मुंबई, दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद, बैंगलोर सहित अन्य प्रमुख शहरों एवं विदेशों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं, जिससे रीवा–इंदौर हवाई सेवा का लाभ पूरे विन्ध्य क्षेत्र को मिलेगा। इससे सतना, सीधी, शहडोल, मऊगंज जैसे जिलों के नागरिकों को व्यापार, व्यवसाय और विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में सुविधा होगी।

यह सेवा इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित की जाएगी, जिसमें एटीआर-72 विमान उड़ान भरेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विमान सुबह 11.30 बजे इंदौर से रवाना होकर दोपहर 1.15 बजे रीवा पहुंचेगा तथा 1.35 बजे रीवा से इंदौर के लिए प्रस्थान करेगा।

उद्घाटन के दिन नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय इंडिगो के इसी विमान से अपने 40 से अधिक सदस्यीय दल के साथ इंदौर से रीवा आएंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल 70 से अधिक यात्रियों के साथ इसी विमान से इंदौर के लिए रवाना होंगे।

Share:

Leave a Comment